बगोदर में अनियंत्रित टेलर घर में घुसा, बुलेट और जूसर मशीन को भी घसीट ले गया

गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के अटका लक्षीबागी में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित टेलर सड़क किनारे खड़ी बुलेट और गन्ने का जूस निकालने वाली मशीन को टक्कर मारते हुए एक घर में जा घुसा। टेलर दोनों को घसीटते हुए घर तक ले गया। हादसे में बुलेट, जूसर मशीन और टेलर को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

बताया गया कि टेलर तेज रफ्तार में बगोदर की ओर जा रहा था। अटका लक्षीबागी के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टेलर ने सड़क किनारे खड़ी बुलेट और जूसर मशीन को टक्कर मार दी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बगोदर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टेलर चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।