बेतला पंचायत के 200 से अधिक राशनकार्ड धारियों को राहत, जनवरी 2026 का राशन जल्द होगा वितरित
बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत बेतला पंचायत के ग्राम अखरा, बगीचा, कोलपुरवा और बेतला के करीब 200 सौ से अधिक राशनकार्ड धारियों के लिए राहत की खबर है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) सुमित कुमार तिवारी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में बातचीत के दौरान बताया कि इन गांवों के कार्डधारियों को फिलहाल जनवरी 2026 माह का राशन ही उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जनवरी 2026 के राशन वितरण की कार्रवाई प्रगति पर है।
एमओ सुमित कुमार तिवारी ने बताया कि संबंधित गांवों के लिए डीलरों द्वारा जनवरी माह के राशन का उठाव किया जा रहा है। राशन डीलर मो. कासीम एवं मुकेश कुमार के माध्यम से शीघ्र ही वितरण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहां कि एक-दो दिनों के भीतर कार्डधारियों के बीच राशन का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे लाभुकों को समय पर खाद्यान्न मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दिसंबर 2025 के लंबित राशन वितरण को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से कोशिश है कि जैसे ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो, दिसंबर माह का राशन भी लाभुकों तक पहुंचाया जाए। एमओ ने राशनकार्ड धारियों से अपील की है कि वे वितरण तिथि की जानकारी अपने संबंधित डीलर से प्राप्त करें और निर्धारित समय पर राशन उठाव कर लेंगे।

