बेंगाबाद मोड़ के पास चलती ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद मोड़ के समीप गुरुवार की दोपहर को चलती ट्रक में अचानक आ,ग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में ट्रक चालक ने समय रहते वाहन रोककर कूदकर अपनी जान बचाई। आग की चपेट में पीछे चल रहा एक पिकअप मालवाहक वाहन भी आ गया, जिससे उसका अगला चक्का जल गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक गिरिडीह से मधुपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बेंगाबाद मोड़ के समीप अचानक ट्रक की टंकी में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद टंकी से डीजल सड़क पर फैलने लगा और आग लग गई। सड़क पर जहां-जहां डीजल गिरा, वहां भी आग की लपटें उठने लगीं।
देखते ही देखते आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के ठीक पीछे खड़ा पिकअप मालवाहक वाहन भी सड़क पर फैले डीजल में लगी आग की चपेट में आ गया। इससे पिकअप का अगला चक्का जल गया।
घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को कुछ दूरी पर रोक दिया और वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आसपास के लोगों ने दुकानों और घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।

