बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के पावन अवसर पर राखी मेकिंग एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बाल वाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियों का निर्माण किया। रक्षाबंधन की पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को केंद्र में रखकर विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह को जीवंत कर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने विद्यालय प्रांगण को उत्सव के रंग में रंग दिया।
रक्षाबंधन की भावना को साकार करते हुए छात्राओं ने विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग, प्राचार्य (सी सी एल डी एवी, गिरिडीह) ओमप्रकाश गोयल एवं प्राचार्य (बी एन एस डीएवी, बुलाकी रोड) दिलीप सिंह को अपने हाथों से बनाई गई राखियाँ बाँधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह एवं सम्मान का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “इस प्रकार की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, सृजनात्मकता, अनुशासन और अभिव्यक्ति-कौशल को विकसित करती हैं। विद्यार्थियों द्वारा स्वयं राखी का निर्माण करना उनकी रचनात्मक सोच और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने तथा प्रत्येक क्षेत्र में पूरे उत्साह, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।”
इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान झंडा मैदान में आयोजित परेड में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने कर-कमलों से विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भेंट किए तथा उनके अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा।