बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में छह दिवसीय समर कैंप का सफल समापन
बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में छह दिवसीय समर कैंप का सफल समापन
सिरसिया स्थित बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय समर कैंप का शुक्रवार को उत्साह एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सफल समापन हो गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
समर कैंप के दौरान कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी ड्रामा, भाषण, कविता पाठ, अभिव्यक्ति कौशल, "मैथ्स विद फन",संगीत, कला एवं नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं क्रिकेट, बैडमिंटन एवं अन्य खेल प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।
समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत, लघु नाटिका एवं भाषण कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं मंच प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया। विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि "समर कैंप बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास करती हैं, जो उनके भविष्य निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं।" उन्होंने समर कैंप के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

