बारिश की फुहारों से और खूबसूरत हुआ नेतरहाट, ठंडी हवाओं ने कराया सर्दी का एहसास
बारिश की फुहारों में और खूबसूरत हुआ नेतरहाट, ठंडी हवाओं ने कराया सर्दी का एहसास
घने बादलों और धुंध की चादर में लिपटा ‘झारखंड का कश्मीर’, पहाड़ों का बदलता रंग देख मंत्रमुग्ध हुए सैलानी
रामप्रवेश गुप्ता
नेतरहाट। शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद झारखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट पूरी तरह प्रकृति की खूबसूरत आगोश में नजर आया। आसमान में उमड़ते घने बादल, पहाड़ियों पर उतरती धुंध, बारिश की लगातार फुहारें और तेज ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया। शाम होते-होते वातावरण में ऐसी ठंडक घुली कि लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा।बारिश के बाद नेतरहाट की पहाड़ियां हरे रंग की चादर ओढ़े नजर आईं। कहीं बादल पहाड़ियों को छूते दिखाई दिए तो कहीं घनी धुंध ने पूरी वादियों को अपने आगोश में ले लिया। कुछ पल के लिए पहाड़ियां पूरी तरह गायब हो जातीं और धुंध छंटते ही अचानक सामने आ जातीं। प्रकृति के इस आंख-मिचौली वाले नजारे ने नेतरहाट की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।
बादलों के बीच खो गईं पहाड़ियां
शनिवार शाम का मौसम पर्यटकों के लिए किसी प्राकृतिक फिल्म के दृश्य जैसा रहा। बारिश से भीगी सड़कें, पेड़ों से टपकती बूंदें और पहाड़ियों के बीच तैरते बादलों ने पूरे इलाके को मनमोहक बना दिया। ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे।
हरियाली और झरनों ने बढ़ाया आकर्षण
बारिश के कारण जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की हरियाली और अधिक निखर उठी है। पहाड़ी ढलानों से बहता पानी और छोटे-बड़े जलस्रोत भी सक्रिय हो गए हैं। इससे नेतरहाट और आसपास के प्राकृतिक स्थलों का आकर्षण और बढ़ गया है।
मायूसी के बीच यादगार बना मौसम
भारी बारिश के कारण कुछ पर्यटक शाम के समय पर्यटन स्थलों तक नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी घूमने की योजना प्रभावित हुई। हालांकि होटल और सुरक्षित स्थानों से पर्यटकों ने धुंध से ढकी पहाड़ियों और बारिश के मनमोहक दृश्यों का आनंद लिया तथा तस्वीरें कैमरे में कैद कीं।स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद सुबह-शाम मौसम में काफी ठंडक महसूस हो रही है। नेतरहाट की वादियों में बारिश, बादल, धुंध और ठंडी हवाओं का संगम एक बार फिर इसे ‘झारखंड का कश्मीर’ होने का एहसास करा रहा है।



