बाल किशोर सिंह इंटर कॉलेज में विज्ञान-कला में नामांकन जारी, मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी शुल्क में छूट

हरिहरगंज (पलामू)। हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के एनएच-139 स्थित कौवाखोह में संचालित बाल किशोर सिंह इंटर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए इंटरमीडिएट विज्ञान एवं कला संकाय में नामांकन प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय की प्राचार्या रम्मी कुमारी ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी शिक्षा का लाभ उठा सकें।

प्राचार्या ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए विशेष शुल्क छूट की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में खेल मैदान, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और अध्ययन के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहयोग दिया जाता है।

इस अवसर पर व्याख्याता सूरज कुमार यादव, दिलीप कुमार, मनदीप कुमार, मनीष प्रजापति, विशाल कुमार और लालू यादव सहित महाविद्यालय के लिपिक चिंकू सिंह मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रबंधन ने इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर नामांकन कराने की अपील की है।

संवाददाता : मनोज कुमार गुप्ता, हरिहरगंज