अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, पचंबा थाना का किया घेराव

गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह गांव में सोमवार की देर शाम स्थानीय महिलाएं अवैध महुआ शराब के खुलेआम चल रहे कारोबार के खिलाफ सड़क पर उतर आईं। दर्जनों महिलाओं ने पचंबा थाना पर जोरदार प्रदर्शन कर थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कल्याणडीह में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही है, जिससे पूरे इलाके का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में धुत व्यक्ति आए-दिन उत्पात मचाते हैं, जिससे महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। कई ग्रामीणों ने बताया कि शराब तस्कर विरोध करने वालों को मारपीट और धमकियां देते हैं, जिससे वे बोलने से डरते हैं।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह तक लगातार महुआ शराब की सप्लाई हो रही है। कई बार स्थानीय युवकों ने शराब ले जा रहे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कथित ऊंची पहुंच और संरक्षण के कारण आरोपी बच निकलते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार की शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
थाना पहुंची महिलाओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब कारोबार पर जल्द प्रभावी कारवाई नहीं हुई और तस्करों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, अवैध शराब की बिक्री बंद कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग रखी।
पचंबा थाना के अधिकारियों ने फिलहाल प्रदर्शन पर शांति बनाए रखने और मामला देखने का आश्वासन दिया, लेकिन स्पष्ट रूप से कब और कैसे कार्रवाई होगी इस पर अभी कोई ठोस जानकारी साझा नहीं की गई। स्थानीय समाजकर्मियों ने भी महिलाओं के समर्थन में आने की बात कही और मांग की कि प्रशासन त्वरित कदम उठाकर इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल करे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यह मुद्दा जल्द ही व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है, क्योंकि गांवों में बढ़ते नशे और उससे जुड़ी घटनाओं ने लोगों की सहनशीलता समाप्त कर दी है।