अस्पताल खुलने से आम आवाम को सुविधा और क्षेत्र का होगा विकास : अविनाश देव
अस्पताल खुलने से आम आवाम को सुविधा और क्षेत्र का होगा विकास : अविनाश देव
मेदिनीनगर। स्थानीय बैरिया टीवी टावर जोड़ रोड में झारखंड हेल्थ केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अविनाश देव का अस्पताल के प्रोपराइटर अनुज कुमार ने बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद अविनाश देव ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, शल्य चिकित्सा के लिए मशीनों और उपकरणों की जानकारी ली।
इस मौके पर अविनाश देव ने कहा कि पलामू उत्पादित या अमीर जिला नहीं, बल्कि किसान और मजदूरों का क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर बेहतर और कम खर्च में इलाज की सुविधा उपलब्ध होना आम लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के प्रति सेवा भावना और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पताल के खुलने से आम आवाम को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को भी गति मिलेगी और अस्पताल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

