अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस पर पहल ट्रस्ट की अनूठी पहल, चार विधवा जोड़ों का हुआ पुनर्विवाह

अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस पर पहल ट्रस्ट की अनूठी पहल, चार विधवा जोड़ों का हुआ पुनर्विवाह

अविनाश देव की पहल रंग लाई, विधवा महिलाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित

मेदिनीनगर। अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर नगर भवन (टाउन हॉल) में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन एवं पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अविनाश देव के नेतृत्व में विधवा सम्मान समारोह सह विधवा पुनर्विवाह पर चर्चा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधवा महिलाओं को सम्मान देना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज में विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रथम विधानसभा अध्यक्ष श्री इंदर सिंह नामधारी, उप विकास आयुक्त शादात अनवर, प्रोविजनल आईएएस ऋत्विक मेहता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, उपाध्यक्ष सोनू सिद्दीकी, शर्मिला सुमी, प्रभात अग्रवाल, पंकज श्रीवास्तव, शिव शंकर जी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अविनाश देव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान चार जोड़ी विधवा पुनर्विवाह संपन्न कराए गए, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए सैकड़ों महिलाएं टाउन हॉल के सभागार में उपस्थित रहीं।

अपने संयुक्त संबोधन में अतिथियों ने कहा कि विधवा महिलाओं को समाज में सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधवा पुनर्विवाह सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। समाज को ऐसी महिलाओं का सहयोग कर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी एवं एक-एक पौधा भेंट किया गया। साथ ही सभी महिलाओं के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मंच संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पहल ट्रस्ट के सदस्य रवि पाल, ललन प्रजापति, शोभा प्रजापति, नेहा मानवी, विलिगना किंडो एवं अन्य सक्रिय रहे।