अभिषेक बनर्जी के आवास पर पथराव, बंगाल की राजनीति में मचा बवाल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर पथराव की घटना सामने आई। मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक बाइक से पहुंचा और पहली मंजिल की खिड़कियों पर कई बार पत्थर फेंककर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि हमलावर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गया। अभिषेक ने दावा किया कि बंगाल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। घटना के बाद राज्य की सियासत एक बार फिर गरमा गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।