आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण लेकर लौटीं आरके महिला कॉलेज की NCC कैडेट्स

गिरिडीह के आर के महिला महाविद्यालय की 35 एनसीसी कैडेट्स दस दिवसीय सीएटीसी-V एवं “युवा आपदा मित्र स्कीम” प्रशिक्षण शिविर से सफलतापूर्वक लौट आईं। यह शिविर देवघर कॉलेज, देवघर में 36 झारखंड बीएन एनसीसी धनबाद के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। शिविर में कैडेट्स को एसडीआरएफ की ओर से भूकंप, आग, बाढ़, सड़क दुर्घटना, सांप काटने जैसी आपदाओं से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर, रक्तस्राव नियंत्रण, रस्सी बचाव तकनीक और जीवन रक्षा कौशल भी सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जीवन रक्षा किट भी प्रदान किया गया। कैडेट्स हवलदार केवल कृष्णन एवं जीसीआई कुसुम कुमारी के नेतृत्व में सकुशल लौटीं। प्राचार्य ने छात्राओं की सराहना करते हुए इसे आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाने वाला बताया।