तेलोडीह में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विशेष अभियान, बीडीओ और मुखिया ने घर-घर जाकर लिया जायजा
तेलोडीह में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विशेष अभियान, बीडीओ और मुखिया ने घर-घर जाकर लिया जायजा
गिरिडीह (तेलोडीह),:विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से आज गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत तेलोडीह पंचायत में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गणेश रजक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व निर्वाचन कर्मियों के साथ पंचायत के विभिन्न बूथों के अंतर्गत आने वाले घरों का सघन दौरा किया।
अभियान के तहत ऐसे मतदाताओं से सीधा संवाद किया गया, जिन्होंने अब तक अपने आवश्यक प्रमाण पत्र जमा नहीं किए हैं। अधिकारियों ने घर-घर जाकर दस्तावेज जमा करने में आ रही व्यावहारिक परेशानियों और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। जिन मतदाताओं के प्रमाण पत्र तैयार थे, उनके दस्तावेजों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन अपलोड किया गया।
बाहर रह रहे मतदाताओं से फोन पर साधा गया संपर्क
अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए तेलोडीह के मुखिया शब्बीर आलम ने रोजगार या अन्य कारणों से पंचायत से बाहर रह रहे मतदाताओं से दूरभाष (फोन) पर संपर्क किया। उन्होंने उनसे आवश्यक दस्तावेज मंगवाए और पंचायत के वीएलई (VLE) मो. सबा अंसारी को निर्देशित किया कि वे तीन दिनों के भीतर सभी लंबित प्रमाण पत्र तैयार कर संबंधित बीएलओ (BLO) के पास जमा कराना सुनिश्चित करें।
तीन दिनों तक चलेगा सघन अभियान, ‘एनोमलीज’ शून्य करने का लक्ष्य
मुखिया शब्बीर आलम ने बताया कि आगामी तीन दिनों तक पंचायत के सभी बूथों पर बीएलओ के साथ मिलकर घर-घर दस्तक दी जाएगी। इस विशेष मुहिम का मुख्य लक्ष्य मतदाताओं के दस्तावेज तैयार करवाकर मतदाता सूची की सभी विसंगतियों (Anomalies) को पूरी तरह शून्य करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
ये रहे मौजूद
इस निरीक्षण व जागरूकता अभियान में बीडीओ गणेश रजक और मुखिया शब्बीर आलम के साथ कनीय अभियंता मनोज कुमार, बीएलओ सुपरवाइजर उदय भारती, बीएलओ मनीर अंसारी तथा बीएलओ नियाजुद्दीन अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

