विशाखापट्टनम जा रहे पलामू के मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
रोजगार की तलाश में विशाखापट्टनम जा रहे मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
संवाददाता, नीलांबर-पीतांबरपुर
नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड के चापी डबरागांव निवासी मजदूर धीरेंद्र कुमार की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। वह रोजगार की तलाश में विशाखापट्टनम जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा के झारसुगुड़ा के पास ट्रेन से गिरने के कारण उसकी जान चली गई। पुलिस के अनुसार, उसका शव रेलवे पटरी के पास से बरामद किया गया।
मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शव को गांव लाना परिजनों के लिए काफी मुश्किल हो रहा था। इसको लेकर मृतक की मां सुकनी देवी ने उपायुक्त पलामू से शव को गांव तक पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई। इसके बाद नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड उपप्रमुख पति संदीप यादव ने पहल करते हुए शव को गांव लाने की व्यवस्था कराई।
बुधवार को धीरेंद्र का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

