गिरिडीह में सखी मंडल की महिलाओं को मिला बीज और पॉली नर्सरी किट, आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिले में महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरिया प्रखंड के नावाडी CLF में सखी मंडल की महिलाओं की विशेष बैठक आयोजित की गई। वहीं, गिरिडीह सदर प्रखंड में झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (JSLPS) के तहत संचालित सखी मंडल की महिलाओं के बीच उद्यान विभाग के सहयोग से पॉली नर्सरी किट का वितरण किया गया।
सरिया प्रखंड के नावाडी CLF में आयोजित बैठक में सखी मंडल की महिलाओं, CLF सदस्यों, महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के कर्मियों और JSLPS के प्रखंड स्तरीय कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी महिलाओं एवं सदस्यों को झारखंड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के उपरांत महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी किसान महिलाओं के बीच गेहूं, चना एवं सरसों के बीज वितरित किए गए। इसका उद्देश्य महिला किसानों को समय पर बुआई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना है। इससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका मजबूत होने के साथ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
वहीं, गिरिडीह सदर प्रखंड में सखी मंडल की महिलाओं को उद्यान विभाग के सहयोग से पॉली नर्सरी किट प्रदान की गई। इसके माध्यम से महिलाएं पौध उत्पादन और नर्सरी संचालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगी। इससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी का साधन मिलेगा और ग्रामीण स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर CC नीलम कुमारी, संतोष यादव, रिंकू वर्मा, रिंकी कुमारी, बेबी देवी सहित कई किसान महिलाएं, CLF सदस्य, महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के कर्मी एवं JSLPS के प्रखंड स्तरीय कर्मी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सखी मंडलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कृषि, उद्यानिकी एवं स्वरोजगार से जोड़ना है, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनें और विकसित झारखंड के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

