रिम्स जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, गिरिडीह में पूर्व CO शैलेश कुमार के आवास पर 5 घंटे छापेमारी

गिरिडीह। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में ACB की टीम ने रांची के साथ-साथ गिरिडीह में भी छापेमारी की है। टीम पूर्व बड़गाईं अंचलाधिकारी (CO) शैलेश कुमार के नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित आवास पर पहुंची और वहां लगभग 5 घंटे तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी संपत्ति के रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया था। इसके बाद जमीन की खरीद-बिक्री की कोशिश भी किए जाने का आरोप है। ACB की टीम इस मामले में जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पूरा मामला रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की करीब 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। इस जमीन की अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोप है कि फर्जी वंशावली और अन्य कागजातों के सहारे सरकारी जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्ज कराने की कोशिश की गई। जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण भी कराया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत हटाया गया।

You may have missed