गिरिडीह के पीरटांड़ में बनेगा भव्य चिड़ियाघर, 150 करोड़ की परियोजना को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
गिरिडीह। पर्यटन को नया आयाम देने, वन्यजीव संरक्षण को प्रोत्साहित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र में चिड़ियाघर स्थापित किए जाने की परियोजना एक कदम आगे बढ़ गई है। गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के अधीन प्रस्तावित इस चिड़ियाघर की स्थापना के लिए सक्षम स्तर से सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। परियोजना के लिए कुल 68.21 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 150 करोड़ रुपये है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त एवं पूर्वी वन प्रमंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि परियोजना के लिए प्रस्तावित स्थल, भूमि की उपलब्धता, सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी, वन्यजीवों की प्रजातियों तथा पर्यटन एवं आर्थिक विकास पर संभावित प्रभाव को ध्यान में रखा गया है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार ने अधिसूचना संख्या 6/वन्यप्राणी-21/2007 (खंड), ज्ञापांक 2981, दिनांक 28 जुलाई 2026 जारी की है।
प्रस्तावित चिड़ियाघर पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधनियां, कबरीयाबेड़ा, कुंहरलालो, मदनपुरा, कटवारा एवं करुणपुरा मौजों में विकसित किया जाएगा। इन सभी मौजों में कुल 68.21 हेक्टेयर भूमि चिड़ियाघर के लिए चिह्नित की गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार, परियोजना के लिए किसी नए भू-अर्जन अथवा अतिक्रमण की स्थिति नहीं होगी।
अधिकारियों के अनुसार चिड़ियाघर का स्थल गिरिडीह-डुमरी राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 114A के किनारे स्थित है। यह गिरिडीह शहर से लगभग 15 किलोमीटर और पारसनाथ तीर्थस्थल से लगभग 16 किलोमीटर दूर है। रेल मार्ग से यह गिरिडीह रेलवे स्टेशन से लगभग 16 किलोमीटर तथा पारसनाथ रेलवे स्टेशन से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर है। देवघर एयरपोर्ट लगभग 85 किलोमीटर और रांची एयरपोर्ट लगभग 175 किलोमीटर दूरी पर स्थित है।
प्रस्तावित चिड़ियाघर में हाथी, हिमालयी काला भालू, स्लॉथ भालू, लेपर्ड कैट, रॉयल बंगाल टाइगर, जंगल बिल्ली, सियार, लोमड़ी, धारीदार लकड़बग्घा, चीतल, काकड़, सांभर, नीलगाय, काला हिरण, भारतीय गौर, दरियाई घोड़ा एवं गंगा डॉल्फिन जैसी प्रजातियों को रखे जाने का प्रस्ताव है।
पक्षियों में एमू, शुतुरमुर्ग, भारतीय मोर तथा तीतर कुल की विभिन्न प्रजातियां शामिल की जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, चिड़ियाघर केवल पर्यटक आकर्षण नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पर्यावरण शिक्षा का भी केंद्र बनेगा। विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं आम नागरिकों को वन्यजीवों के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किए जाने की संभावना है।
पारसनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के निकट चिड़ियाघर की स्थापना से गिरिडीह की पर्यटन संभावनाओं के विस्तार की उम्मीद है। प्रस्तावित स्थल के समीप बायोडायवर्सिटी पार्क, कुंहरलालो एवं रिजुविलिका जैन मंदिर स्थित हैं। इन स्थलों के साथ चिड़ियाघर विकसित होने से क्षेत्र को एकीकृत पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किए जाने की संभावना बढ़ेगी।
पर्यटकों के आगमन से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, खानपान, गाइड सेवा, हस्तशिल्प एवं अन्य छोटे व्यवसायों को फायदा होने की संभावना है। दुधनियां, कबरीयाबेड़ा, मदनपुरा, कटवारा, करुणपुरा, बंदरकुप्पी, कुंहरलालो, पालगंज, बेरदोंगा, पालमो, जीतकुंडी, बरमसिया, मांझीडीह, मटरुखा, खुदीसार, विशुनपुर, बरदेही, करन्दो, जुमुआ, चिलगा, बांध एवं पीरटांड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रस्तावित चिड़ियाघर से पीरटांड़ क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलने की संभावना है। अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को एक साथ प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद गिरिडीह जिले के समग्र विकास, पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

