मेराल में छठ घाट पर पूजा के दौरान विवाहिता की अचानक मौत, तेतरिया दामर टोला में पसरा मातम

मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत करकोमा पंचायत के तेतरिया दामर टोला में लोक आस्था का महापर्व छठ उस समय मातम में बदल गया, जब घाट पर छठ पूजा कर रही एक विवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान करकोमा निवासी भोला चौधरी की पुत्री लीलावती देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रविवार को लीलावती देवी छठ घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ छठ व्रत कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। घाट पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका के परिजनों ने बताया कि लीलावती की शादी पिछले वर्ष ही चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी गांव में हुई थी। एक वर्ष के भीतर ही बेटी की इस तरह अचानक हुई मौत से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed