झारखंड में बढ़ने लगी ठंड, छठ पर सुबह अर्घ्य के दौरान सताएगी सर्दी, 13 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
झारखंड में सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में रात का पारा और गिरेगा। छठ महापर्व पर घाटों पर अर्घ्य देने वाले व्रतियों को सुबह ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्की धुंध छा सकती है, दिन में धूप निकलेगी। पूर्वी सिंहभूम, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
13 से 14 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। 15-16 नवंबर को सुबह धुंध और ठंड बढ़ेगी। रांची में 15 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन में अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री के आसपास रहेगा।

