छठ घाटों की सफाई दुरुस्त करे निगम.. अरुणा शंकर
छठ घाटों की सफाई दुरुस्त करे निगम.. अरुणा शंकर
महापौर ने लिया छठ घाटों की सफाई का जायजा ।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मेदिनीनगर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर ने अमानत नदी छठ घाट, कोयल रिवर फ्रंट छठ घाट, पम्पू कल छठ घाट एवं चैनपुर स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई एवं छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर अरुणा शंकर ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों पर जमा कचरे एवं गंदगी को तत्काल हटाया जाए तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि छठ घाटों की सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि छठ पूजा के दौरान नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों की सफाई एवं तैयारियों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर अरुणा शंकर ने गिरिवर स्कूल के समीप कोयल नदी पर निर्माणाधीन नए पुल के कारण बंद किए गए रास्ते को लेकर भी पहल की। उन्होंने पुल निर्माण कार्य के संवेदक अर्जुन पाण्डेय से छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए बंद रास्ते को खोलने का आग्रह किया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर के आग्रह पर संवेदक श्री अर्जुन पाण्डेय जी ने आश्वासन दिया कि गिरवर स्कूल रास्ते को कल तक खोल दिया जाएगा। इससे छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी।




