गिरिडीह की बेटी प्रज्ञा नयन का साउथ सिनेमा में जलवा, 11 फिल्मों के बाद अब चिरंजीवी संग करेंगी काम

गिरिडीह की बेटी प्रज्ञा नयन का साउथ फिल्म इंडस्ट्री में जलवा, 11 फिल्मों में कर चुकी हैं काम; चिरंजीवी के साथ भी आएंगी नजर!

गिरिडीह बरमसिया से हैदराबाद तक प्रज्ञा नयन का फिल्मी सफर, संघर्ष के दम पर बनाई अपनी पहचान

गिरिडीह की धरती पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां की एक बेटी ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर फिल्मी दुनिया में खास पहचान बनाई है। हम बात कर रहे हैं गिरिडीह के बरमसिया की रहने वाली अभिनेत्री प्रज्ञा नयन की, जो आज साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर हिंदी सिनेमा तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
प्रज्ञा नयन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई डीएवी गिरिडीह से 12वीं तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रतिष्ठित बिट्स पिलानी से मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका सफर कॉरपोरेट दुनिया से शुरू हुआ। वह विप्रो में काम कर रही थीं। इसी दौरान एक डायरेक्टर की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने प्रज्ञा को मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने की सलाह दी।
यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। फेसबुक के माध्यम से उन्होंने अपना पहला मॉडलिंग ऑडिशन दिया और धीरे-धीरे मॉडलिंग की दुनिया में पहचान बनाने लगीं। लैक्मे जैसे ब्रांड के साथ जुड़ने का मौका मिला। इसके बाद डायरेक्टर की सलाह पर उन्होंने फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई।
साल 2020 में उनकी पहली फिल्म रिलीज हुई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले पांच वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय प्रज्ञा अब तक तेलुगु और हिंदी की करीब 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। फिलहाल वह हैदराबाद में रहकर अपने फिल्मी करियर को आगे बढ़ा रही हैं।

उनकी बेहतरीन फिल्मों में ‘कलिंगा’ का नाम शामिल है। यह साइंस फैंटेसी जॉनर की फिल्म है और अब दर्शकों को इसके अगले भाग ‘कलिंगा-2’ का इंतजार है, जो जल्द आने वाली है। इसके अलावा प्रज्ञा एक हिंदी फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसकी कहानी कश्मीर के डीजीपी और पुलिस विभाग की पृष्ठभूमि के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
प्रज्ञा के फिल्मी सफर में कई बड़े कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव भी जुड़ा है। उन्होंने अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा से जुड़े अभिनेता अजय जी और ध्रुवा जैसे कलाकारों के साथ काम किया है। वहीं, अब वह मेगास्टार चिरंजीवी के साथ भी एक फिल्म में काम कर रही हैं।
भाषाओं की बात करें तो प्रज्ञा नयन की मातृभाषा हिंदी है, लेकिन फिल्मों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए वह तमिल, कन्नड़, तेलुगु, हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, पंजाबी और भोजपुरी जैसी भाषाओं में काम कर रही हैं। इतना ही नहीं, वह जर्मन भाषा भी सीख रही हैं। अलग-अलग भाषाओं और फिल्म इंडस्ट्री में काम करना उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाता है।
प्रज्ञा के पिता गिरिडीह डीसी कार्यालय में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत रहे हैं। एक सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर फिल्मी पहचान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। शुरुआती दौर में कई चुनौतियां आईं, लेकिन लगातार संघर्ष और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
गिरिडीह से मुंबई और हैदराबाद की फिल्मी दुनिया तक का यह सफर सिर्फ एक अभिनेत्री की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से बड़े सपने देखते हैं।
आज प्रज्ञा नयन की उपलब्धियां गिरिडीह के लिए गर्व की बात हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि अगर हौसला मजबूत हो और मेहनत जारी रहे, तो छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।

You may have missed