पांकी मजदूर किसान महाविद्यालय में नव नामांकित NCC कैडेटों का भव्य स्वागत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

पांकी के मजदूर किसान महाविद्यालय में नव नामांकित एनसीसी कैडेटों का स्वागत समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

पांकी
मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडार कला में सत्र 2026 में नव नामांकित एनसीसी (NCC) कैडेटों के स्वागतार्थ एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल नेतृत्व एनसीसी पदाधिकारी डॉ. आलोक कुमार पाठक ने किया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने नव नामांकित कैडेटों का स्वागत करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनसीसी युवाओं में चरित्र निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा की भावना विकसित करता है। उन्होंने सभी नव चयनित कैडेटों से पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता डॉ. आलोक कुमार पाठक ने एनसीसी की महत्ता एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं को एक अनुशासित, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कैडेटों को प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने तथा महाविद्यालय एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नव नामांकित कैडेटों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कैडेटों को अनुशासन, समयबद्धता, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर IQACसमन्वयक एवं NAAC समन्वयक डॉ. राजेशवर चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनके अतिरिक्त महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा एनसीसी के कैडेट बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You may have missed