गिरिडीह में श्री श्री आयुर्वेदा क्लिनिक का उद्घाटन, बाबूलाल मरांडी ने ली नाड़ी परीक्षा

बाबूलाल मरांडी ने किया श्री श्री आयुर्वेदा औषधालय एवं डॉक्टर क्लिनिक का उद्घाटन, गिरिडीहवासियों को मिलेगी आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा

नाड़ी परीक्षा कर आयुर्वेदिक उपचार पद्धति की ली जानकारी, पंचकर्म और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की भी मिलेगी सुविधा

गिरिडीह, 4 नवंबर।झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को गिरिडीह के बक्सीडीह रोड स्थित पुराने सहारा इंडिया ऑफिस के पास श्री श्री आयुर्वेदा औषधालय एवं डॉक्टर क्लिनिक का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर नए चिकित्सा केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. गौरी शंकर मिश्रा से नाड़ी परीक्षण कराया और आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के बारे में जानकारी ली।

उद्घाटन समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग और आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इनमें प्रदीप डालमिया, देवराज आनंद, विवेक आनंद, आनंद राणा, दीपक कुमार, रमेश गुरुटिया, रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष अमित गुप्ता, अमित जालान, प्रदीप बरनवाल, मनजीत सिंह, शंभू जैन, भूपेंद्र सिंह, किरण कुमारी, अनंत कुमार सिन्हा, रवींद्र राय एवं नवीन सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।

इस नए केंद्र के खुलने से गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यहां नाड़ी परीक्षा, आयुर्वेदिक चिकित्सकीय परामर्श, पंचकर्म एवं अन्य आयुर्वेदिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को विशेषज्ञ आयुर्वेदिक केंद्रों से जोड़ने के साथ दीर्घकालीन उपचार के लिए समन्वय सहायता भी प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की प्रेरणा से वर्ष 1981 में स्थापित आर्ट ऑफ लिविंग आज 182 देशों में अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है। संगठन के 10 हजार से अधिक केंद्र और 38 हजार से अधिक प्रशिक्षित शिक्षक हैं। बेंगलुरु स्थित श्री श्री आयुर्वेदा हॉस्पिटल आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में प्रमुख संस्थानों में शामिल है। यहां 324 बेड, 37 पंचकर्म उपचार कक्ष तथा आधुनिक जांच एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल को NABH मान्यता और ISO प्रमाणन भी प्राप्त है।

वहीं, गिरिडीह में आर्ट ऑफ लिविंग परिवार की ओर से वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य, योग, ध्यान, युवा प्रशिक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। हैप्पीनेस प्रोग्राम, युवा प्रशिक्षण (YLTP), DSN, सहज समाधि, नव चेतना एवं बाल चेतना शिविर के साथ स्वच्छता अभियान चलाए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 500 से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई। मेगा हैप्पीनेस प्रोग्राम में 170 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि 37 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया। स्वच्छता अभियान में भी 250 से अधिक लोगों ने भागीदारी निभाई।

श्री श्री आयुर्वेदा औषधालय एवं डॉक्टर क्लिनिक की शुरुआत को गिरिडीह में आयुर्वेद, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।