झारखंड में सरकारी बिजली कंपनियों पर करोड़ों का बकाया, TVNL और CCL के बीच 2,800 करोड़ का हिसाब लंबित
झारखंड में बिजली उत्पादन और आपूर्ति से जुड़ी सरकारी कंपनियों के बीच करोड़ों रुपये का बकाया लंबे समय से लंबित है। तेनुघाट विद्युत निगम लिमिटेड (TVNL), सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) और झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के बीच लेनदेन का यह मामला अब वित्त विभाग के स्तर पर सुलझाने की कोशिश की जा रही है। वर्ष 2024 में वित्त विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दो साल बीतने के बाद कुछ राशि का समायोजन हुआ है, लेकिन बड़ी रकम का हिसाब अब भी बाकी है।
दरअसल, TVNL के बोकारो स्थित ललपनिया प्लांट में बिजली उत्पादन के लिए CCL से कोयला खरीदा जाता है। वर्ष 2015 से अब तक TVNL पर CCL का करीब 2,800 करोड़ रुपये बकाया हो चुका है। वहीं, TVNL का भी ऊर्जा विभाग के उपक्रम JVVNL पर बिजली आपूर्ति का बकाया है। इसके अलावा CCL पर झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जमीन से जुड़े करोड़ों रुपये के भुगतान भी लंबित हैं।
इस तरह सरकारी कंपनियों के बीच बकाये का चक्र बन गया है। अगर JVVNL से TVNL को पूरी बकाया राशि मिल जाती है, तो TVNL अपने अन्य भुगतान निपटाने के साथ नए बिजली उत्पादन प्लांट की दिशा में भी आगे बढ़ सकता है। अब वित्त विभाग के सामने चुनौती है कि सभी विभागों और कंपनियों के बीच बकाये का हिसाब कर भुगतान और समायोजन का रास्ता निकाला जाए, ताकि राज्य में बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो।

