डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में बीपी डीएवी गढ़वा का जलवा, राष्ट्रीय स्तर पर 6 पदक जीत खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

क्लस्टर से राष्ट्रीय स्तर तक शानदार प्रदर्शन कर बी.पी. डीएवी पब्लिक स्कूल, गढ़वा ने बढ़ाया जिले का गौरव

गढ़वा। बी.पी. डीएवी पब्लिक स्कूल, फरठिया, गढ़वा में आज डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशांत कुमार ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता की नई इबारत लिखी है। खिलाड़ियों ने क्लस्टर स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा, परिश्रम और खेल कौशल का परिचय देते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में विद्यालय की उपलब्धियाँ इस प्रकार रहीं-

  • क्लस्टर स्तर: विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 148 पदक अर्जित किए।
  • राज्य स्तर: 54 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया तथा कुल 28 पदक जीतकर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनमें से 18 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
  • राष्ट्रीय स्तर: विद्यालय के 18 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभागिता की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में आयुष सिंह ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं विष्णु केसरी, प्राची झा एवं आयुष चौबे ने भारोत्तोलन में रजत पदक अर्जित किए। गुनगुन कुमारी ने 800 मीटर दौड़ (एथलेटिक्स) तथा फ़ायका तहज़ीब ने बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
साथ ही भारोत्तोलन में डीएवी गढ़वा ने झारखण्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए रनर-अप ट्रॉफी प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्राचार्य श्री सुशांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता को विकसित करने का सशक्त मंच है। हमारे विद्यार्थियों ने क्लस्टर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक जिस समर्पण, परिश्रम और खेल भावना का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। 148 क्लस्टर पदकों से शुरू हुआ यह गौरवपूर्ण सफर राज्य स्तर पर 28 पदकों और राष्ट्रीय स्तर पर 6 पदकों तक पहुँचना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने इस शानदार सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को देते हुए विशेष रूप से श्री ए.के. मुखर्जी एवं शिक्षिका सोनिया के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन दोनों शिक्षकों ने खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने, नियमित अभ्यास कराने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका समर्पण, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता प्रशंसनीय है। विद्यालय को ऐसे कर्मठ एवं समर्पित शिक्षकों पर गर्व है।

प्राचार्य ने आगे कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की मेहनत, शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षकों का समर्पण तथा अभिभावकों का सहयोग सम्मिलित है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।
वहीं खेल शिक्षक श्री ए. के. मुखर्जी ने कहा कि हमारे बच्चे अत्यन्त प्रतिभाशाली हैं और मेरा प्रयास रहेगा कि आने वाले समय मे हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरार्ष्ट्रीय स्तर पर अपने परिभा का लोहा मनवाएँगे।

कार्यक्रम के दौरान पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।