लोकतंत्र में विरोध करना जनता का संवैधानिक अधिकार : निसार खान
लोकतंत्र में विरोध करना जनता का संवैधानिक अधिकार : निसार खान
हजारीबाग : दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर हुए इंडिया गठबंधन द्वारा विरोध प्रदर्शन को जिला कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सह जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निसार खान ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब इस बात का प्रमाण है की देश की जनता अपने मताधिकार और लोकतंत्र अधिकारों के प्रति जागरुक है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल युवाओं और आम लोगों को अराजक बताना भाजपा की हताशा और आलोकतांत्रिक सोच को दर्शाता है। लोकतंत्र में विरोध करना जनता का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा नेताओं को जनता की आवाज सुननी चाहिए, ना की प्रदर्शनकारी को बदनाम करना चाहिए। निसार खान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृहमंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता कमजोर हुई है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने का मामला बेहद गंभीर है। इसमें मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल हटाने की मांग की है। निसार खान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। सत्ता के अहंकार में मताधिकार को कमजोर करने की कोशिश का जवाब जनता देगी। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।

