21 वर्षों की बेदाग सेवा के बाद पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह को भावभीनी विदाई, बीडीओ ने किया सम्मानित

सेवानिवृत्त पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित करते बीडीओ राजेश कुमार व अन्य पदाधिकारी।

21 वर्षों की बेदाग सेवा के बाद संतोष कुमार सिंह को भावभीनी विदाई

कांडी (गढ़वा)। सरकारी सेवा में पद और जिम्मेदारियां भले ही समय के साथ बदलती रहें, लेकिन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से अर्जित सम्मान हमेशा कायम रहता है। इसी की मिसाल बने पतरिया पंचायत के सेवानिवृत्त पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह। कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को उनके सम्मान में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में 21 वर्षों की उनकी सेवायात्रा को याद करते हुए पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भावभीनी विदाई दी। इस दौरान माहौल सम्मान, आत्मीयता और भावुकता से भर गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार ने की। समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संतोष कुमार सिंह को पुष्पमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उनके कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके योगदान और कार्यशैली की सराहना की गई।
अपने सेवाकाल की यादें साझा करते हुए संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने 24 नवंबर 2005 को मझिआंव प्रखंड कार्यालय में पंचायत सचिव के रूप में अपनी पहली योगदान दिया था। इसके बाद लगभग 21 वर्षों तक मझिआंव, मेराल, श्री बंशीधर नगर एवं कांडी प्रखंड में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि अपने पूरे सेवाकाल में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और यथासंभव समाधान करना उनकी प्राथमिकता रही। ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने हमेशा जनसेवा को अपना मुख्य उद्देश्य बनाया।
समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्त प्रत्येक कर्मी को एक दिन सेवानिवृत्त होना पड़ता है, लेकिन किसी कर्मचारी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि वह अपने सेवाकाल को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और बेदाग छवि के साथ पूरा करे। उन्होंने कहा कि संतोष कुमार सिंह ने अपने लंबे सेवाकाल में जिस निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है।
बीडीओ ने उनके कार्यकाल की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में पूरी ईमानदारी के साथ अपनी सरकारी सेवा पूरी कर सम्मानपूर्वक विदा होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। संतोष कुमार सिंह ने जिन-जिन पंचायतों में अपनी सेवाएं दीं, वहां जनता के बीच उनकी अच्छी पहचान और लोकप्रियता रही। उनके कार्यकाल में किसी व्यक्ति की ओर से उनके खिलाफ किसी प्रकार का प्रत्यक्ष आरोप सामने नहीं आना उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संतोष कुमार सिंह का सेवाकाल अन्य सरकारी कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
बीडीओ ने सेवानिवृत्त पंचायत सचिव के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि सरकारी जिम्मेदारियों से भले ही उन्हें मुक्ति मिल गई हो, लेकिन समाज और लोगों के बीच उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन हमेशा उपयोगी रहेगा।
समारोह में प्रखंड प्रमुख सतेंद्र पांडेय, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार, पंचायत सचिव शाहिद अंसारी, प्रवीण कुमार पांडेय, परमानंद राम, राजेंद्र राम, अंजनी कुमार, शुभम कुमार, बीपीओ कमलेश कुमार, श्रीकांत सिंह, सीआई गणेश सिंह, चौधरी बाबू खान, सुमित सहित प्रखंड के कई पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने संतोष कुमार सिंह के साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य की कामना की।