पलामू में खेत की मेड़ पर नवजात मिलने से सनसनी, मां ने छोड़ा था बच्चा; पुलिस जांच में जुटी
दिनांक – 31/10/2025 मां ने नवजात को खेत में छोड़ा, मौके से पूजा पाठ की सामग्री बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस
सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट
एंकर – पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक नवजात को खेत के मेड़ से बरामद किया गया है. नवजात के नजदीक पूजा-पाठ की सामग्री भी मिली है. जब ग्रामीणों ने ये देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस ने नवजात और उसकी मां को अपने कब्जे में लिया और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरा मामला मनहु गांव का है.
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, मनहु गांव के रहने वाले रवींद्र उरांव की पत्नी ने शुक्रवार की रात बच्चे को जन्म दिया. इससे पहले भी दंपती के चार बच्चे हैं. लेकिन पांचवें बच्चे के जन्म के कुछ घंटे के बाद ही उस नवजात को गांव के ही एक खेत के मेड़ पर छोड़ दिया गया.
खेत के मेड़ पर रखे नवजात को ग्रामीणों ने देख लिया. जिसके बाद शोर मचा. ग्रामीणों ने उसी समय नवजात की मां को भी पकड़ लिया और पूरी जानकारी पुलिस को दी. फिर ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस ने नवजात और उसकी मां का रेस्क्यू किया और इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया. जहां से दोनों को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर कर दिया है.
छतरपुर के थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि नवजात को खेत के मेड़ पर छोड़ दिया गया था. दोनों मां और बच्चे का रेस्क्यू किया गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. उन्होंने बताया कि पारिवारिक कारणों से मां ने इस तरह का कदम उठाया था. पुलिस ने लोगों से अफवाह से बचने की भी अपील की है.
दरअसल, रवींद्र के पहले से दो बेटी और दो बेटे हैं. रविंद्र बाहर मजदूरी करते हैं. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, तीन महिलाएं झोले में लेकर नवजात को खेत में पहुंची थी. हालांकि, महिलाएं मौके से फरार हो गई थी. जिस जगह पर नवजात को बरामद किया गया है, वहां से कुछ ही दूरी पर एक मंदिर भी है.

