141 करोड़ की कथित धोखाधड़ी में भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल धनबाद से गिरफ्तार

कोयला कारोबार में करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में छत्तीसगढ़ के भिलाई के भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को कोलकाता पुलिस ने धनबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें धनबाद थाना क्षेत्र के डीआरएम चौक के पास उस वक्त पकड़ा, जब वे धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे।
इस मामले में संदीप अग्रवाल के अलावा उनके दोनों भाई संजय अग्रवाल, सचिन अग्रवाल और पत्नी राखी अग्रवाल भी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। नारायणी कोक प्राइवेट लिमिटेड के एमडी पवन मोर ने आरोप लगाया है कि व्यापारिक संबंधों का फायदा उठाकर निवेश, कोयला और कोक की आपूर्ति तथा पर्सनल लोन के नाम पर 141 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई। इस संबंध में धनबाद के बैंक मोड़ और गोविंदपुर थाने में भी प्राथमिकी दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद संदीप अग्रवाल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।