गिरिडीह में चक्रवात अर्नब का असर, तापमान 10 डिग्री गिरा; आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

गिरिडीह। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब के असर से गिरिडीह का मौसम पूरी तरह बदल गया है। बुधवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को अचानक ठंडक का अहसास करा दिया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बारिश का असर और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ पूरे दिन थम-थम कर बारिश हो सकती है। आंधी और मेघगर्जन की भी आशंका जताई गई है। शुक्रवार को भी बारिश की गतिविधि जारी रह सकती है। अगले 48 घंटों में चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर होगा, लेकिन डीप डिप्रेशन के रूप में सक्रिय रहने से अगले दो दिन आंधी-बारिश और मेघगर्जन की प्रबल संभावना है।
बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री से गिरकर 22 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में पारा और नीचे जा सकता है।
जिला प्रशासन ने 28 से 30 अक्टूबर तक गिरिडीह में विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। प्रशासन ने लोगों से खुले मैदानों में जाने, पेड़ों के नीचे शरण लेने और तेज हवा के दौरान असावधानी न करने की सलाह दी है। किसानों को फसल एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी रखने की भी सलाह दी गई है।