सतबरवा में बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, भ्रष्टाचार और लूट के लगाए आरोप

सतबरवा. झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला. बुधवार को पलामू से रांची लौटने के क्रम में सतबरवा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भय, भ्रष्टाचार, लूट और महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. मौजूदा परिस्थितियों में राज्य सरकार स्वतः अकाल मृत्यु की ओर बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार का जाना तय है. मरांडी ने कहा कि झारखंड की दशा और दिशा ठीक नहीं है. सचिवालय से लेकर अंचल कार्यालयों तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन की ऑनलाइन रसीद कटवाने और दाखिल-खारिज कराने के लिए रैयतों को कथित तौर पर भारी रकम देनी पड़ रही है. बिना रिश्वत के काम नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. मैयां सम्मान योजना पर उन्होंने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन 50 वर्ष की आयु पूरी करने वाली महिलाओं के नाम योजना से काटे जा रहे हैं. नए पात्र लाभुकों के नाम भी नहीं जोड़े जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला, बालू और पत्थर जैसे खनिज संसाधनों की माफिया लूट कर रहे हैं. इस दौरान अजय उरांव, आशीष सिन्हा, चंचल यादव, अशर्फी यादव, प्रवेश यादव, संदीप यादव, सिकंदर भुइयां, मुधीर साहू, उपेंद्र उरांव, छोटू यादव, रविंद्र कुमार और धर्मेंद्र यादव समेत कई लोग मौजूद थे.