गिरिडीह में होमगार्ड बहाली जल्द पूरी करने की मांग, आजसू छात्र संघ ने DC को सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह: होमगार्ड की नई एवं रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर आजसू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त कार्यालय में मुलाकात की। जिला अध्यक्ष अक्षय यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिन प्रखंडों में होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हुई है, वहां भी शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके। आजसू छात्र संघ के जिला अध्यक्ष अक्षय यादव ने कहा कि देवरी, गांवा और जमुआ क्षेत्र के मेहनती व प्रतिभाशाली युवाओं के लिए होमगार्ड की रिक्तियों पर यथाशीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित प्रखंडों में लंबित कार्यवाही जल्द पूरी की जाए। इस दौरान उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
मुलाकात में आजसू पार्टी जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, छात्र संघ जिलाध्यक्ष अक्षय यादव, राजेश यादव, सोनू यादव सहित देवरी, गांवा और जमुआ क्षेत्र के सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद थे।

