झारखंड में 631 डॉक्टरों की जा सकती है नौकरी, 64 चिकित्सकों से 15 दिनों में मांगा गया जवाब
झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। राज्य में लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने वाले 631 चिकित्सकों को सेवा से हटाया जा सकता है। वहीं, 64 अन्य चिकित्सकों से 15 दिनों के भीतर अनधिकृत अनुपस्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉक्टरों की नियुक्ति के बाद योगदान देकर ड्यूटी नहीं करने या लगातार बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर ऐसे चिकित्सकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करता रहा है।
लेकिन इस बार मामला काफी बड़ा है। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों की वरीयता सूची जारी करने के बाद सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी थी। जिलों से मिली जानकारी में सामने आया कि कुल 695 चिकित्सक लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित हैं।
इसके बाद विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। 631 चिकित्सकों को सेवा से हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि 64 अन्य चिकित्सकों को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।

