दिल्ली में कांग्रेस की महारैली टालने की मांग, व्यापारियों ने राहुल गांधी को लिखा पत्र; 10 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली को टालने की मांग उठी है। व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली 10 नवंबर यानी भैया दूज के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया है। CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, दिवाली से पहले दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का पीक सीजन चल रहा है और इस दौरान बड़ी रैली होने से कारोबार प्रभावित हो सकता है।

CTI का दावा है कि धनतेरस, दिवाली और भैया दूज के दौरान दिल्ली में करीब 25 हजार करोड़ रुपये का त्योहार कारोबार होता है। संगठन के आकलन के मुताबिक, पहले भी रैलियों, मार्च और रास्ते बंद होने के कारण व्यापारियों को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बृजेश गोयल ने आशंका जताई कि 1 नवंबर को रैली के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और संभावित पाबंदियों से चांदनी चौक, सदर बाजार समेत कई प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। CTI ने चेतावनी दी है कि इससे कारोबार को करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है और सभी राजनीतिक दलों से त्योहारों के दौरान प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बड़ी रैलियां न करने की अपील की है।