गढ़वा में कांग्रेस की बैठक, 25 नवंबर तक गांव-गांव चलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान
गढ़वा जिला परिसदन में कांग्रेस की उच्चस्तरीय बैठक: ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गति देने का निर्णय
25 नवंबर तक प्रत्येक गांव और बूथ स्तर पर चौपाल लगाकर मतदाता सूची की अनियमितताओं का खुलासा करेगी कांग्रेस
1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित विशाल ‘जनभागीदारी रैली’ में गढ़वा से सैकड़ो कार्यकर्ता लेंगे भाग
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक संघर्ष का संकल्प; मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
गढ़वा।
देश में लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ गढ़वा जिला परिसदन भवन में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान से जुड़ी इस बैठक की अध्यक्षता गढ़वा जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने की।
25 नवंबर तक गांवों में लगेगी चौपाल: अमरजीत भगत
बैठक के मुख्य अतिथि सह अभियान के पर्यवेक्षक, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मताधिकार की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने घोषणा की कि अभियान को जमीनी स्तर पर ले जाने के लिए 25 नवंबर तक जिले के प्रत्येक गांव और पंचायत में चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
पूर्व मंत्री श्री के एन त्रिपाठी ने स्पष्ट किया:
”विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में भारी अनियमितता देखने को मिल रही है। बूथ स्तरीय कार्यकर्ता घर-घर जाकर धांधली की पहचान करेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य है कि देश का एक भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।”
12 से 24 अक्टूबर का अभियान और 1 नवंबर की दिल्ली रैली
जिला अध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दिशा-निर्देश पर 12 से 24 अक्टूबर तक विशेष जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
एस.सी. मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत किशोर,ने कहा कि आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक ‘जनभागीदारी रैली’ में गढ़वा जिले से भारी संख्या में कार्यकर्ता व नागरिक भाग लेंगे, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पलामू लोकसभा के सह प्रभारी गजेन्द्र सिंह चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल और इस्तीफे की मांग
बैठक के दौरान वक्ताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर कड़ा एतराज जताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की और कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
जिला प्रभारी सुरजीत नागवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनादेश और वोटों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ नेता सुरेंद्रनाथ तिवारी , प्रभात दुबे,उज्ज्वल तिवारी, वरिष्ठ नेता रामकरेश चौबे, आनंद यादव, त्रिपुरारी सिंह, नसीम अंसारी, योगेंद्रनाथ चौबे, ब्रजेन्द्र चौधरी, ओम प्रकाश चौबे, सतीश ठाकुर, सत्येंद्र पाण्डेय, ऋषभ चंद्रवंशी, अभिजीत कमल, धीरज दुबे, मोसाहिद हुसैन, सुनील कालिया, रत्नेश शाह, निजाम अंसारी, नवल यादव, रोहित हिमांशु, दिवाकर शुक्ला, मंसूर अंसारी, रंजीत गौतम,अमानुल्लाह अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे।

