बिहार के युवाओं को बड़ा मौका! KYP Digital Mitra योजना से 5 साल में 12 लाख युवाओं को मिलेगी डिजिटल ट्रेनिंग, AI भी सीखेंगे युवा

बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं। राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में 12 लाख युवाओं को डिजिटल स्किल्स की ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रही है। सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत KYP Digital Mitra योजना का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उन्हें नौकरी के साथ स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।

युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की इस पहल के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 2.67 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रेनिंग 270 घंटे की होगी, जिसे अधिकतम तीन महीने में पूरा करना होगा।

योजना के तहत युवाओं को MS Word, Excel, PowerPoint, Google Workspace, अंग्रेजी टाइपिंग और कम्युनिकेशन स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा ChatGPT और Microsoft Copilot जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स का इस्तेमाल करना भी सिखाया जाएगा।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 10वीं पास युवा भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए डिजिटल क्षेत्र में कम से कम डेढ़ साल का अनुभव जरूरी बताया गया है। वहीं, 12वीं पास उम्मीदवारों को अनुभव की शर्त से छूट मिलेगी। स्वयं सहायता भत्ता प्राप्त करने वाले युवा भी प्रशिक्षण में शामिल हो सकेंगे।

प्रशिक्षण के बाद युवा कंप्यूटर ऑपरेटर, डिजिटल सहायक और डिजिटल मार्केटिंग असिस्टेंट जैसे पदों के लिए अवसर तलाश सकते हैं। वे अपनी योग्यता के अनुसार डिजिटल सेवा केंद्र भी शुरू कर सकते हैं।

योजना के लिए आवेदन की तारीख और आधिकारिक प्रक्रिया की जानकारी विभाग की घोषणा के बाद स्पष्ट होगी। इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देश जरूर जांचें।