देर रात दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
देर रात दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बिजली, अग्नि सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा, पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश
*गिरिडीह। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार की देर रात उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने गिरिडीह शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों की तैयारियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों में बिजली और रोशनी की व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की स्थिति का आकलन किया। साथ ही पंडालों के आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों और पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी और एसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। बिजली से संबंधित खतरों को रोकने, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने विभिन्न पूजा पंडालों में माता रानी के दर्शन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने का भी आग्रह किया गया।
मौके पर पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, एसडीपीओ सदर, गिरिडीह अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे

