गढ़वा के गोविंद हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा अभियान, छात्रों को दिलाई गई यातायात नियमों के पालन की शपथ
गोविंद हाई स्कूल में छात्रों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित
गढ़वा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गोविंद हाई स्कूल, गढ़वा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जानकारी दी गई।
छात्रों को सड़क पर पैदल चलते समय सुरक्षित रहने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतने के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
सड़क सुरक्षा का संदेश:
“ सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”


