कांडी में पुलिस का पैदल मार्च, नौ दोपहिया वाहनों पर चालान की कार्रवाई
कांडी मुख्य बाजार में त्योहार को लेकर पैदल मार्च करते थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह एवं पुलिस बल।
कांडी में पुलिस का पैदल मार्च, नौ वाहन चालान के लिए भेजे गए
त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, जाम से निजात दिलाने के लिए चला सघन वाहन जांच अभियान
कांडी (गढ़वा)। त्योहार के मद्देनजर शांति एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने तथा मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू करने के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर को कांडी मुख्य बाजार में पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए नौ दोपहिया वाहनों को चालान की कार्रवाई के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्य बाजार में जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने तथा आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

