जयकारों से गूंजा कांडी, भव्य कलश यात्रा के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ
जयकारों से गूंजा कांडी, निकली भव्य कलश यात्रा
सोन, कोयल और सतबहिनी स्थित पंडित नदी से जल भरकर पूजा पंडालों में पहुंचे श्रद्धालु
डीजे, ढोल-नगाड़ों और महावीर ध्वजों के साथ उमड़ा आस्था का जनसैलाब, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई कलश स्थापना
कांडी (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही कांडी प्रखंड भक्तिमय रंग में रंग गया है। रविवार को प्रखंड के विभिन्न गांवों में दुर्गा पूजा समितियों की ओर से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। मां दुर्गा के जयकारों, ढोल-नगाड़ों, डीजे और लहराते महावीर ध्वजों के बीच निकली इन यात्राओं में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। आस्था और उत्साह से सराबोर कलश यात्राओं ने पूरे क्षेत्र में नवरात्र का उल्लास बिखेर दिया।
कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु सोन नदी, कोयल नदी और सतबहिनी झरना स्थित पंडित नदी पहुंचे। यहां स्नान-ध्यान और पूजा-अर्चना के बाद विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए अपने-अपने पूजा पंडालों की ओर रवाना हुए। पंडालों में पहुंचने के बाद विधि-विधान से कलश स्थापना की गई और मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई।
गांव-गांव में सजा मां का दरबार
नवरात्र को लेकर कांडी प्रखंड के कांडी, नैना बार, बहैरवा, रतनगढ़, सड़की, शिवरी, भीलमा, सेमौरा, करमा, सरकोनी, पतीला, सुंडीपुर, खरौंधा और जयनगर समेत विभिन्न गांवों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पूजा समितियों और ग्रामीणों के सहयोग से आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए गए हैं। पंडालों की सजावट और धार्मिक तैयारियों के बीच पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आ रहा है।
आराधना में लीन श्रद्धालु, सुख-शांति की कामना
नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली, समाज की समृद्धि और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना कर रहे हैं। पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। ग्रामीणों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह है और पूजा समितियां धार्मिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटी हैं।
शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
कलश यात्राओं और दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों पर निगरानी रखी गई, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही कांडी में भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बन गया है।

