केतार में रसोइया-सह-सहायिकाओं को प्रशिक्षण, स्वच्छता और बच्चों के पोषण पर दिया गया जोर

रसोइया-सह-सहायिकाओं को दिया गया प्रशिक्षण, स्वच्छता और पोषण पर जोर
केतार, गढ़वा। पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय केतार में रसोइया-सह-सहायिकाओं के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन स्वच्छता, पोषण और बच्चों के प्रति बेहतर व्यवहार की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर शिक्षिका सुधा कुमारी ने मध्याह्न भोजन तैयार करने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में भोजन बनाने से पहले सभी खाद्य सामग्रियों की अच्छी तरह सफाई करना अनिवार्य है। रसोइया-सह-सहायिकाएं सरकार द्वारा निर्धारित ड्रेस और एप्रन पहनकर ही भोजन तैयार करें। साथ ही रसोईघर के प्रत्येक कोने की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन मिल सके।
सुधा कुमारी ने विद्यालय में पोषण वाटिका विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोषण वाटिका में हरी साग-सब्जियां उगाकर बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके अलावा, यदि कोई बच्चा दोबारा भोजन, दाल या सब्जी मांगता है, तो उसे प्यारपूर्वक भोजन दिया जाए। किसी भी परिस्थिति में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी रसोइया-सह-सहायिकाओं को नाश्ता कराकर विदा किया गया। मौके पर विमला देवी, चंपा देवी, सुषमा देवी, अनीता देवी, सीतामढ़ी देवी, शीला देवी, गीता देवी, कुंती देवी, वृंदा देवी, सुनीता देवी, पूनम देवी, बासमती कुंवर, तेतरी देवी, पन्ना देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।