केतार में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 200 किलो जावा महुआ और 20 लीटर शराब नष्ट
अवैध महुआ शराब बेचने वालों के लिए थाना प्रभारी की दो टूक, कहा- अब नहीं बचेगा कोई ठिकाना
केतार। आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए केतार थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार छापेमारी की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 200 किलो जावा महुआ एवं 20 लीटर देसी महुआ शराब बरामद कर मौके पर नष्ट किया।
थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने कहा कि अवैध महुआ शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई ठिकाना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। केतार प्रखंड क्षेत्र के सभी गांवों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब निर्माण व बिक्री में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी गांव या टोले में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण अथवा बिक्री की जा रही है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


