SGFI राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गिरिडीह का जलवा, राजकुमार ने जीता स्वर्ण, ऋषु को कांस्य

SGFI राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, राजकुमार ने जीता स्वर्ण तो ऋषु ने कांस्य

गिरिडीह। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गिरिडीह के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। अंडर-17 बालक वर्ग के शॉट पुट में राजकुमार रावनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.64 मीटर गोला फेंककर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं डिस्कस थ्रो में ऋषु कुमार सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और उनके शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

राजकुमार रावनी की स्वर्णिम सफलता ने उन्हें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका दिया है, जबकि ऋषु कुमार सिंह ने भी डिस्कस थ्रो में शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

टीआरपी प्लस टू हाई स्कूल लेदा की प्राचार्या अनीता मित्तल ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।