दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश
दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश
गिरिडीह। दुर्गापूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर भवन में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में उपायुक्त ने पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित एंट्री-एग्जिट, हेल्प डेस्क और पंडाल के आसपास वाहन पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने, जर्जर बिजली तारों को दुरुस्त कराने तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खुला रखने को कहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पूजा पंडालों में CCTV कैमरे और अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने के साथ पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती पर जोर दिया। संवेदनशील पंडालों में विशेष निगरानी और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम बनाने का निर्देश दिया गया।
पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट एवं वीडियो पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद विभाग को अवैध शराब के खिलाफ नियमित छापेमारी करने तथा नशे में सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग को पूजा क्षेत्र में बिकने वाले चाट, पुचका, पनीर, चाउमीन, मोमो समेत अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने को कहा गया।
विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, पहुंच मार्ग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी BDO और CO को आपसी समन्वय से काम करने तथा स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए QRC टीम गठित करने का निर्देश भी दिया गया।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी अधिकारियों को पर्व के दौरान सतत निगरानी और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी बिजली, सड़क, सफाई, पेयजल, यातायात और विसर्जन व्यवस्था से जुड़े सुझाव दिए।

