मतदाता सूची के शुद्धिकरण में तेजी लाएं, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें : उपायुक्त
मतदाता सूची के शुद्धिकरण में तेजी लाएं, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें : उपायुक्त
नगर भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण शिविर का डीसी रामनिवास यादव ने किया निरीक्षण, आवेदनों के सत्यापन में बरती जाए निष्पक्षता
गिरिडीह। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर भवन में बूथ संख्या 81 से 100, 196 से 203 तथा 217 से 219 के मतदाताओं के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, नए मतदाताओं के निबंधन के साथ-साथ नाम, पता समेत अन्य विवरण में संशोधन और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन लिए गए। प्रपत्र 6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन और डिजिटाइजेशन भी किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने नगर भवन पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर से आवेदन, निबंधन प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन की जानकारी ली। उपायुक्त ने कई आवेदनों का स्वयं भौतिक सत्यापन करते हुए आवेदकों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार और निष्पक्ष तरीके से सत्यापन किया जाए तथा पात्र आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उपायुक्त ने बीएलओ और संबंधित कर्मियों को घर-घर संपर्क के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा अयोग्य अथवा मृत मतदाताओं से संबंधित सूचनाओं का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्षता से निष्पादन करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम, पता और अन्य विवरण की जांच करें तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संशोधन या निबंधन के लिए आवेदन करें।
मौके पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य कर्मी मौजूद थे।

