सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग, संघर्ष मोर्चा ने सांसद प्रतिनिधि को सौंपा मांग पत्र
सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर ‘सलैया संघर्ष मोर्चा’ ने सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव को सौंपा मांग पत्र
गिरिडीह।
सलैया और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं की मांग को लेकर सलैया संघर्ष मोर्चा का संघर्ष लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को सलैया संघर्ष मोर्चा की एक संयुक्त टीम ने केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद माननीय अन्नपूर्णा देवी जी के सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्री दिनेश यादव जी से मुलाकात की और जनहित से जुड़ी रेल मांगों को उनके समक्ष मजबूती से रखा।
मुलाकात के दौरान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने सांसद महोदया से हुई पूर्व की वार्ताओं और सौंपे गए मांग पत्रों का जिक्र करते हुए मुख्यतः तीन प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई का आग्रह किया:
गया-संतरागाछी एक्सप्रेस (13691/92) का सलैया स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
हाल ही में घोषित हावड़ा-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (03007/08) का भी ठहराव सलैया स्टेशन पर दिया जाए।
पूर्व से परिचालित हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13513/14) एवं गोड्डा-दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस (14049/50) का ठहराव सलैया में जल्द से जल्द सुनिश्चित कराया जाए।
मोर्चा के सदस्यों ने गया-संतरागाछी एक्सप्रेस और हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन की सौगात देने के लिए गिरिडीह की जनता की ओर से माननीय केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी जी का धन्यवाद व्यक्त किया। सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में इन ट्रेनों की समय-सारणी और ठहराव स्थलों की समीक्षा चल रही है, ऐसे में सलैया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि सलैया स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव से पचंबा सहित गिरिडीह की आधी शहरी आबादी और कोडरमा संसदीय क्षेत्र के लगभग 30 गांवों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश यादव जी ने मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तुरंत माननीय केंद्रीय मंत्री को इन सभी जनआकांक्षाओं से पुनः अवगत कराया। उन्होंने सलैया संघर्ष मोर्चा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहां की रेल सुविधाओं और ट्रेनों के संबंध में आप लोगों का प्रयास निश्चित रूप काबिले तारीफ है, साथ ही आश्वस्त किया कि सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
इस अवसर पर सलैया संघर्ष मोर्चा के सक्रिय सदस्य गौतम सोनी, संतोष पांडे, गोपाल जी, किश्फिल अहमद, सनी, सुमित, निशु सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

