राज्य स्तरीय कबड्डी में कोडरमा का जलवा, पुरुष टीम चैंपियन और महिला टीम उपविजेता

राज्य स्तरीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता में कोडरमा का शानदार प्रदर्शन

पुरुष वर्ग में चैंपियन, महिला टीम एक अंक से उपविजेता

जिला प्रभारी गौतम कर्ण

कोडरमा। जामताड़ा में 02 से 04 अक्टूबर 2026 तक आयोजित हुई 20वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में कोडरमा जिला कबड्डी एसोसिएशन की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कोडरमा की पुरुष टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला टीम ने कड़े मुकाबले में महज एक अंक के अंतर से उपविजेता बनकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में कोडरमा ने पाकुड़ को 13 अंकों के अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की। पूरे प्रतियोगिता के दौरान कोडरमा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा और टीम ने लगातार अपने खेल का दबदबा बनाए रखा। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रणनीति का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। अंतिम समय में कोडरमा के पक्ष में 30-17 का स्कोर रहा।
वहीं, महिला वर्ग में भी कोडरमा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे का रहा, जिसमें कोडरमा को गढ़वा के हाथों महज एक अंक से हार का सामना करना पड़ा। अंतिम समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा और मुकाबला 22-21 के स्कोर पर समाप्त हुआ। इस तरह कोडरमा महिला टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन और उपलब्धि पर कोडरमा जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप सिन्हा बंटी एवं सचिव धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि कोडरमा के कबड्डी खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर और रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोडरमा जिला कबड्डी एसोसिएशन लगातार जिले के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है, जिसका सकारात्मक परिणाम राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है। आने वाले समय में भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिता और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
एसोसिएशन के संरक्षक प्रमोद कुमार, संगीता शर्मा एवं सुनील जैन, अध्यक्ष संदीप सिन्हा बंटी, सचिव धर्मेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष तौफीक हुसैन एवं विकास कुमार, संयुक्त सचिव जय गोपाल शर्मा एवं विजय साहू, दीपक कुमार, तकनीकी सदस्य कुंदन कुमार राणा, कार्यकारी सदस्य आदित्य राज, अमित राय, सुनील कुमार,श्रवण कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।