छतरपुर में गैस सिलेंडरों से लदा 407 पलटा, हादसे के बाद मची अफरा-तफ
पलामू: गैस सिलेंडरों से लदा 407 सड़क पर पलटा, छतरपुर में हादसे के बाद मची अफरा-तफरी छतरपुर में डाली मोड़ के पास गैस सिलेंडरों से लदा मिनी ट्रक पलटने से अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं.
छतरपुर. पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के एनएच-98 स्थित डाली मोड़ के पास शनिवार रात गैस सिलेंडर लदा 407 मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. घटना रात करीब 8:30 बजे की बतायी जा रही है. ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. हालांकि, दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.डाली मोड़ के पास चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के अनुसार, 407 मिनी ट्रक डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य पथ से खाली गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था. डाली मोड़ के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद मिनी ट्रक सड़क पर पलट गया.
हादसे के बाद सड़क पर गैस सिलेंडर लदा वाहन पलटने की सूचना से आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गयी. बड़ी संख्या में सिलेंडर होने के कारण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने को कहा
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की हिदायत दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
पुलिस की निगरानी में पलटे हुए मिनी ट्रक और उसमें लदे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गयी. हादसे में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.

