गांधी जयंती पर गिरिडीह नगर मंडल का स्वच्छता अभियान, गांधी-शास्त्री को श्रद्धांजलि
गांधी जयंती पर गिरिडीह नगर मंडल का स्वच्छता अभियान, गांधी-शास्त्री को श्रद्धांजलि
गिरिडीह। गांधी जयंती के अवसर पर गिरिडीह महानगर अंतर्गत भाजपा नगर मंडल की ओर से नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा ‘सिंकू’ के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिसर की साफ-सफाई की।
इसके बाद बाबू वीर कुंवर सिंह चौक एवं स्टेशन रोड स्थित भाजपा नगर कार्यालय परिसर में भी स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। भाजपा नगर कार्यालय में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, दिनेश यादव एवं चुन्नूकांत ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया।
नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
मौके पर पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, विनीता कुमारी, महादेव दुबे, राजेश जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

