गिरिडीह में गांधी-शास्त्री जयंती पर डीसी-एसपी ने दी श्रद्धांजलि, जनभागीदारी पर दिया जोर
गिरिडीह। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित गांधी चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना और जनकल्याण व सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उनके सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि Reform Utsav को People’s Plan Campaign (PPC) के साथ जोड़ते हुए जिले में 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देना और योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी बढ़ाना है।
ग्राम स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने, विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। अभियान की निगरानी और प्रभावी संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

